10.12.08

'दिल्‍लीवालों को भी मेरी याद आती है?' : आचार्य जानकी वल्‍लभ शास्‍त्री

मित्रों, माफ़ी चाहता हूं लंबे समय तक ब्‍लॉग से ग़ायब रहने के लिए. कोशिश करूंगा आगे फिर ऐसा न हो. पिछली मर्तबा मुज़फ़्फ़रपुर में आचार्य जानकीवल्‍लभ शास्‍त्रीजी से हुई मुलाक़ात से कुछ आपके साथ साझा कर रहा हूं.


शाम के क़रीब 5 बजे. जवाहर सिनेमा से वापसी के वक्‍़त रिक्‍शा नहीं लिया. पैदल टहल पड़ा. यह सोचते हुए कि आगे 'शेखर' और 'दीपक' पर भी नज़र मारते चलेंगे.अपने रामदयालु सिंह कॉलेज वाले दिनों में कभी-कभार इन सिनेमाघरों में जाना हुआ है. और वैसे हर स्‍थान या ठिकाने से मुझे लगाव है जिसके साथ किसी भी तरह का नाता रहा है.
लिहाज़ा चलता रहा. इतना मग्‍न था, चलते-चलते बाबा मुज़फ़्फ़रशाह के मज़ार से आगे निगल गया. तभी अचानक याद आया, क्‍यों न शास्‍त्री से मिलते चला जाए. पिछली बार सन् 1992 में देखा था. तब पचहत्‍तर वर्ष पूरे होने पर रामदयालु सिंह कॉलेज ने उनके सम्‍मान में एक समारोह किया था. मुड़ गया पुरानीं गुदरी रोड की ओर.
सोहल-सत्रह साल बाद गुज़र रहा था उधर था. काफ़ी कुछ बदला-बदला लग रहा था. कम-से-कम वो दो गलियां ग़ायब मिली जहां मारवाड़ी हाई स्‍कूल के दिनों में शुक्रबार को डेढ़ घंटे की टिफिन के दौरान हम आया करते थे. उन गलियों में तवायफ़ें रहा करती थीं. हम बड़ों की नज़रों से बचकर उनके नाज़-ओ-अदा देखा करते थे, और पकड़े जाने पर अपनी-अपनी साइकिल पर फांदकर भाग पड़ते थे. एक बार फिर से उन स्‍मृतियों में डूबते-उतरते आगे बढ़ता जा रहा था. सड़क किनारे घरों के दरवाज़ों पर पहले की तरह 'ममता रानी, सपना रानी, गायिका और नृत्‍यांगना' जैसी तख्‍़ती कम ही दिखी. हां, कुछ घरों से ढ़ोलक और तबले की थाप के साथ घुंघरू में सनी स्‍वरलहरियां ज़रूर आ रही थीं. अब मैं चतुर्भुज मंदिर के बिल्‍कुल सामने पहुंच चुका था. मुज़फ़्फ़रपुर में रहते हुए होली की शाम दोस्‍तों के साथ यहां आना होता था. चतुर्भुज की प्रतिमा पर अबीर लगाने वालों का ताता लगा रहता था. चतुर्भुज मंदिर के मुख्‍य द्वार से दायीं ओर कुछ क़दम की दूरी पर नीली पृष्‍ठभूमि पर सफ़ेद रंग से उकेरे गए 'निराला निकेतन' वाला बड़ा-सा बोर्ड आज भी यथावत टंगा है. बस नीलापन थोड़ा हल्‍का हो गया है.
हाते में दाखिल हुआ. एक सत्रह-अठारह साल का नौजवान गायों के नाद की ओर मुंह झुकाए कुछ कर रहा था, शायद दाने में पानी मिला रहा था. पूछने पर उसने बताया कि हां, शास्‍त्रीजी हैं, सामने ही बैठे हैं. दो-चार क़दम आगे बढ़ा, ग्रिल से घिरे बराम्‍दे पर तकिए के सहारे शास्‍त्रीजी बैठे मिले. चरण-स्‍पर्श किया. बड़े स्‍नेह से कहा उन्‍होंने, 'खुश रहिए'. लटपटाती है पर है आवाज़ बुलंद उनकी. अभी मैं उनको निहार ही रहा था कि पूछ बैठे, 'कहिए, रास्‍ता भूल गए हैं क्‍या? या किसी ने धक्का दे दिया है इस ओर?' एक पल को लगा जैसे शायद उन्‍हें मुझसे कोई शिकायत है... पर थोड़ी देर बातचीत के बाद लगा नहीं, ऐसा कुछ नहीं है. बढती उम्र और स्‍वास्‍थ्‍य ठीक न रहने के कारण कभी-कभी वे झल्‍ला जाते हैं.
ये सुनने के बाद कि मैं दिल्‍ली से आया हूं और उनसे मिलने की बड़ी इच्‍छा थी, शास्‍त्रीजी मुस्‍कुराते हुए बोले, 'हूं, अरे, ऐसा क्‍या है शास्‍त्री के पास कि इससे मिलने की इच्‍छा हो रही थी आपको! हूं, लेकिन आप कहते हैं तो ये तो आपका बड़प्‍पन है. अच्‍छा लगा जानकर. पर बताइए दिल्‍ली कैसी है, क्‍या कुछ हो रहा है वहां? दिल्‍लीवालों को भी मेरी याद आती है!' फिर हुं, हुं ... की ध्‍वनि निकालते हुए मुंह चलाने लगते हैं शास्‍त्रीजी. 'आपको मालूम है न, मैं अपना पांव तोड़कर बैठा हूं?' कहकर शास्‍त्रीजी थोड़ा आगे की ओर घिसके और बिस्‍तर पर गोरथारी में छोटी चौकी पर रखे डिब्‍बों को हिलाहिलाकर देखने लगे. थोड़ी देर में उन्‍होंने उन्‍हीं डिब्‍बों के नीचे रखे स्‍टील के एक टिफीन क ढक्‍कन खोला और उसमें हर डिब्‍बे में से थोड़ा-थोड़ा सामान निकाल कर मेरी ओर बढ़ा दिया. दो-तीन प्रकार के बिस्‍कुट, नमकीन, मिठाई, मखान ... इत्‍यादि मेरे ओर बढ़ाते हुए उन्‍होंने कहा, 'क्‍यों हिचकिचा रहे हैं, ले लीजिए, ये मेरा स्‍नेह है.' फिर बग़ल में विजयजी की ओर मुखातिब होते हुए बोल पड़े, 'थोड़ा तुम्‍हारे लिए भी निकालूं?' विजयजी के 'नहीं-नहीं, देर से खाना खाया हूं मैं ...' कहने पर बोल पड़े शास्‍त्रीजी, 'हूं, तुम तो आज तक लजाते हो!.' बेचारे विजयजी, शर्मा गए.
मैंने नाश्‍ते की प्‍याली हाथ में ठीक से संभाला भी नहीं था कि एक कुत्ता मेरी ओर लपका. पूंछ और जी(भ) से चीर-परिचित हरकत करता हुआ वो कुत्ता मेरी प्‍याली थाम लेना चाह रहा था. मैं असहज महसूस करने लगा था. हालांकि मैं श्‍वानप्रेमी नहीं हूं लेकिन पता नहीं क्‍यों मैं उस कुत्ते को डांट या धमका नहीं पा रहा था. आखिरकार मैंने शास्‍त्रीजी से पूछा, 'शास्‍त्रीजी, इसे भी दे दूं एक बिस्‍कुट?' शास्‍त्री बोले, 'कितना दीजिएगा, इसकी तो आदत ही यही है. अपने हिस्‍से का तो खाता ही है, औरों के हिस्‍से में से भी हिस्‍सा ले लेता है. ठग है ये ठग. दिन भर लोगों से ठग-ठग कर खाता रहता है. और कोई बात कहो, क्‍या मजाल कि मान ले! मैं तो इसे मक्‍कार कहता हूं. यहीं, मेरे बग़ल में, मेरे तकिए पर पड़ा रहता है और मैं देखता रहता हूं...'

फिलहाल इतना ही. अगले पोस्‍ट में शास्‍त्रीजी और निराला निकेतन में जुड़ी कुछ और दिलचस्‍प जानकारियां साझा करूंगा.

1.11.08

आचार्य से मिले पृथ्‍वीराज

हालिया बिहार यात्रा के दौरान एक शाम मैं आचार्य जानकीवल्ल‍लभ शास्‍त्री से मिलने मुज़फ़्फ़रपुर स्थित उनके घर 'निराला निकेतन' गया. 93-94 वर्ष की उम्र का वजन लादे शास्‍त्रीजी थक गए दिखते हैं, पर असल में वे थके नहीं हैं. पंडित मदनमोहन मालवीय, बनारस हिन्‍दु विश्‍वविद्यालय, हजारी प्रसाद द्विवेदी, निराला, दिनकर, अध्‍यापकी, कविताई, मौज-मस्‍ती, पितृ-भक्ति, गौसेवा ....: लगता है अभी-अभी निबट कर आए हैं सबसे. उनसे हुई मुलाक़ात पर लम्‍बा आलेख लिखूंगा. तब तक पृथ्‍वीराज कपूर से शास्‍त्रीजी के संबंध पर देखिए ख़ुद वे ही क्‍या कह रहे हैं:


पुरानी बात है. कलकत्ते में कोई कार्यक्रम था. कुछ लोगों के बोल लेने के बाद मुझे बुलाया गया था भाषण करने के लिए. भाषण समाप्त होने के बाद एक सज्जन आए. कहा, मेरी बातें उन्हें अच्छी लगी. अपना नाम उन्‍होंने पृथ्वीराज बताया और ये भी बताया कि वे नाटक वगैरह करते हैं. उसके बाद तो समझिये कि ऐसी दोस्ती हो गयी हमारी कि एक-दूसरे के घर आना-जाना शुरू हो गया.
एक बार पृथ्वीराज अपनी नाटक टोली के साथ यहां आए. दस दिनों तक लगातार जगह-जगह उनके नाटक होते रहे. लोगों ने बड़ा सराहा उनके नाटकों को. बड़े अच्छें दिन थे वे. पृथ्वीराज तो आए ही, राज और शशि भी आते रहे ‘निराला निकेतन’. यहीं गाय, कुत्ते, बिल्लियों के बीच हमारी मंडली जमती. मैं भी बंबई उनके घर जाया करता था. कई बार लंबी छुट्टी उनके घर पर बिताई है मैंने.
फिल्‍म में काम? कभी ऐसी बात मेरी दिमाग़ में नहीं आयी. न, न ... लोकप्रिय होने का कोई काम मैंने अपने जीवन में नहीं किया. किसी ने कहा भी हो तो मुझे याद नहीं, पर मैंने कभी नहीं चाहा....

सारांश यहाँ आगे पढ़ें के आगे यहाँ

21.10.08

बाढ़ के दो महीने बाद सहरसा

सहरसा रेलवे स्‍टेशन से कुछ तस्‍वीरें. काफ़ी कुछ माल है आपसे शेयर करने के लिए, पर थोड़ा वक्‍़त लगेगा.






13.10.08

डीटीपी को सच पसंद नहीं

13 अक्टूबर. शाम लगभग पांच बजे. दफ़्तर से लौट रहा था. पीछे चन्द्रा बैठी थी. बीडी एस्टेजट से थोड़ा पहले ही दिल्ली‍ ट्रैफिक पुलिस की बुलेट पर नज़र पड़ी. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के नियम के मुताबिक़ मोटर साइकिल की पिछली सीट पर बैठे व्यजक्ति के लिए हेल्मेट पहनना अनिवार्य है. इसी नियम के मुताबिक़ DL-1S 4589 पर नीली-सफ़ेद वर्दी धारण किए महोदय के सिर पर हेलमेट होनी चाहिए थी. न रहा गया. अपनी मोटर साइकिल उनके क़रीब लाकर हल्केह से पूछ लिया, ‘सबके लिए क़ायदा-क़ानून, आपके लिए कुछ नहीं ? ‘ दांत निपोरे और बोले, ‘इमरजेंसी है...’ अचानक उनके मोटर साइकिल की रफ़्तार तेज़ हो गयी.
कुछ दूर बाद याद आया कि मेरे बैग में कैमरा तो है. चन्द्रा़ को कहा, ‘झट से कैमरा निकाल कर एक तस्‍वीर उतार लो सरजी की. चन्‍द्रा ने वैसा किया, पर थोड़ा वक़्त लग गया. और ये सब करते हुए हम तिमारपुर गोल मार्केट के क़रीब पहुंच चुके थे. चन्द्रा ने दो तस्वीरें ली थी. बुलेट के चालक महोदय ने दाईं ओर वाले आइने से यह देख लिया. अपने पीछे से आ रही ब्ल्यू लाइन को आगे न जाने देने के लिए पहली ब्‍ल्‍यू लाइन जैसे आड़े-तिरछे खड़ी हो जाती है, उसी अंदाज़ में उस गोरे-चिट्टे नौजवान ने अब बुलेट हमारे आगे खड़ी कर दी. अचानक ज़ोर से ब्रेक लगाना पड़ा.
पीछे बैठे दिल्‍ली ट्रैफिक पुलिस के सब इंस्‍पेक्‍टर का नाम अब हम पढ़ पा रहे थे. शुरुआती दो अक्षर दो बिंदुओं के साथ मिलकर नाम के अगले हिस्‍से को थामे था, और ‘डोगरा’ के साथ उसका समापन हो रहा था. यानी कोई डोगरा साहब थे वे. गुस्से में तमतमाते डोगरा साहब आये और जिस पुलिसिया अंदाज़ से हम परिचित हैं उसी में हमसे मुख़ातिब हुए. उनके उस उपक्रम को धमकाना भी कह सकते हैं. और वो गोरा, छरहरा जवान पहले कुछ शब्द अपने मुंह में छानता और फुसफुसाहट के अंदाज़ में कुछ मेरे सामने पटकता. पर उसकी लिप सिंकिंग हमें उसकी लगभग हर अभिव्यमक्ति समझा पा रहे थे. गली-मोहल्लों में नौजवान ऐसा बोलते ही रहते हैं. बहरहाल, श्री डोगरा साहब डांटते-धमकाते हुए हमें ये समझाने की कोशिश कर रहे थे कि किसी की इमरजेंसी को हम नहीं समझ पाए. उनकी गाड़ी या कुछ ख़राब है जिसको बनवाने के लिए वे मेकेनिक ले जा रहे हैं अपने साथ. यानी उस गोरे नौजवान को उन्होंने मेकेनिक बताया जिसके मुंह से रह-रह कर महीन बातों (बदलफ़्जों) की बुंदाबांदी हो रही थी. हमारा अंदाज़ है कि वो या तो डोगरा साहब का बेटा था या कोई बेहद रिश्तेदार या परिचित.
श्रीमान डोगराजी की इस हरकत को क़रीब 50 राहगीर देख रहे. जानने की कोशिश कर रहे थे लोग कि हमेशा आम आदमी की पर्ची काटने वाला ये पुलिसकर्मी आखिर यूं उलझ क्‍यों रहा है इस दंपत्ति से. तभी एक मित्र न जाने कहां से आ धमके. हम कुछ उन्‍हें बता पाते, इससे पहले डोगरा साहब ने लगभग एक सांस में ही ये बता दिया कि हमने कितनी बड़ी ग़लती कर दी है उनकी तस्‍वीर लेकर. साथ में डोगरा साहब ने हमारे मित्र को ये भी 'समझाया' कि हममें इंसानियत है ही नहीं. हमारे मित्र को समझाने का डोगरा साहब का अंदाज़ लगभग वैसा ही था जिस तरह वो हमें 'समझाने' की कोशिश कर रहे थे. उनका ‘मेकेनिक’ अपने ‘मालिक’ की वर्दी और स्थिति को देखते हुए अब फुसफुसाहट से आगे बढ़ चुका था. फुसफुसाहट अब सिसिआहट (धीरे-धीरे सिटी बजाने की आवाज़) का रूप लेने लगी थी. अब उसके कुछ शब्‍द साफ़-साफ़ बाहर आने लगे थे. ‘अच्छा फोटो खिंचा है, देखते हैं .... बताते हैं ....’ उसने मेरी मोटर साइकिल की नंबर प्‍लेट पर भी नज़रें इनायत की. तात्पर्य ये कि श्रीमान डोगरा साहब और उनके मेकेनिक में ये तय कर पाना मुश्किल हो रहा था किसकी धमकी/डांट मेरे लिए ज्‍़यादा समझने और आदर करने योग्‍य है. मैं बार-बार दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के सब इंस्पेक्‍टर श्रीमान डोगराजी से यही अनुरोध करता रहा कि ‘आप अपनी बात कहिए पर इस जनाब को चुप कराइए’. तमतमाहट इतनी थी कि वे मेरी बात सुन नहीं पा रहे थे. कई बार तमतमाहट सुनने में अवरोध उत्‍पन्‍न करने लगता है.
दिल्लीट ट्रैफिक पुलिस के एक सब इंस्पेबक्ट र की उनके ही विभाग द्वारा बनाए और उसी की हिफ़ाज़त में पलने वाले क़ानून की अवहेलना करने की एक मिसाल कैमरे में क़ैद कर लेने का 'जुर्म' हम पर थोपा जा रहा था. मुझे इस बात के लिए खुली सड़क पर हर संभव तरीक़े से ‘समझाया’ जा रहा था कि मैंने कैसे ग़लत किया है. कैसे ये ग़लती मुझे परेशानी में डाल सकती है.
अपने देश में न्याय केवल भांति-भांति के सप्‍ताहों, पखवाड़ों, जयंतियों, पुण्‍यतिथियों, दिवसों तक ही सिमट कर रह गया है? गांधी जयंती गुज़रे एक पखवाड़ा भी नहीं बीता है. अख़बारों का वज़न विज्ञापनों से दोगुना हो गया था उस दिन. शायद ही कोई विभाग बापू की तस्‍वीर के साथ अपना संदेश और विज्ञापन प्रकाशित करने रह गया हो उस दिन. सबने सच की राह पर चलने की नसीहत दी. हर साल देते हैं. एक सच पर अमल क्‍या किया रात भर नींद ही नहीं आयी.
आगे पढ़ें के आगे यहाँ

1.10.08

सारांश यहाँ आगे पढ़ें के आगे यहाँ

13.9.08

विस्‍फोट के वक्त हम सेंट्रल पार्क के आसपास ही थे

तू जिन्दा है तो जिन्‍दगी की जीत पर यक़ीन कर, अगर कहीं हैं स्वर्ग तो उतार ला जमीन पर ... गा रहे थे हम लोग. संवेदना मार्च जनपथ मार्केट से गुजर रहा था. हममें से कुछ के हाथों में दान-पात्र थे. लोग हमें कौतूहल भरी नजरों से देख रहे थे और उन्हीं में से कुछ हमारे दान-पात्रों में कुछ डालते जा रहे थे. ये बिहार के बाढ़ पीडितों के लिए राहत के लिए किया जा रहा था. हमारा गाना ख़त्म भी नहीं हुआ था कि दो ज़ोरदार धमाके हुए. साथ चल रही मालविका ने पूछा, 'सर ये किस चीज़ की आवाज़ है ?' कबूतर उड़ाने के लिए किसी ने पटाखे छोड़े हैं शायद, कहकर मैंने मामले को हल्का करना चाहा.
हम गाते हुए जंतर-मंतर की तरफ़ बढ रहे थे. अफ़रातफ़री-सी शुरू हो गयी थी. इसी बीच ग्रीष्मा ने कहा कि उसके पापा ने फोन करके बताया है कि दिल्ली में सिरीयल ब्लास्‍ट हो रहा है. करोलबाग और सेंट्रल पार्क में हो चुके हैं धमाके. यानी जिसे मैंने कबूतर उड़ाने वाला पटाखा कहा था अब वो सचमूच का बम-विस्‍फोट साबित हो चुका था. सेंट्रल पार्क से केवल आधा किलोमीटर दूर थे हम. चारों ओर से पुलिस और एम्बुलेंस उधर ही जा रही थी. हमारे पीछे-पीछे चल रहे एक वायरलेस वाले सिपाही ने हमसे दो-दो के ग्रुप में जल्दी से जल्दी इलाक़ा छोड़ देने की लगभग मिन्नत ही कर रहे थे. आखिरकार, हमें वहां से हटना पड़ा.
कुछ लोग सेंट्रल पार्क जाकर वोलंटियरी भी करना चाह रहे थे. पर देर हो चुकी थी. हमें भगाने वाले लोग हमसे ज़्यादा प्रतिबद्ध निकले. गजब की भीड़ थी मेट्रो में. पहले कभी भी वैसी भीड़ नहीं देखी. तिल रखने की जगह भी नहीं थी. किलकारी और कई अन्य साथियों तो फर्श पर ही बैठ गए. थके थे.
पल भर में ही दिल्ली और बाहर से तमाम दोस्तों के मैसेज आ गए. हालचाल जानना चाह रहे थे वे. दिल्ली के कुछ दोस्तों को मालूम था कि आज बिहार फ़्लड रिलीफ़ नेटवर्क की ओर से संवेदना मार्च निकलने वाला है. कई दोस्तों आशंकित थे. नौ बजे के क़रीब जब फोन चालू हुआ तो सबको बताया कि ठीक हैं हम लोग और मार्च ठीक ठाक रहा. तक़रीबन तीन हज़ार रुपए भी जमा हुए.
पता चला है कि कुछ संगठनों ने जिम्मेदारी ली है इस सिरीयल ब्लास्ट की. मुझे नहीं मालूम कि कैसे लोग हैं ये जो ऐसे विस्‍फोटों के बाद जिम्मा झटकने लगते हैं. इस झटकदारी से अगर कोई किसी मसले को हल कर लेने का मंसूबा रखता है तो भइया एक नहीं हज़ारो-लाखों बार उन्हें पटखनी खानी होगी. कौन सा समाज इस बर्बरता की तरफदारी करेगा. ये निहायत ही खोखला और कायराना काम है.
के शिकार हुए लोगों के प्रति व्यक्त करने का कोई नहीं है मेरे पास. इस क्षति की भरपाई कैसे होगी, नहीं मालूम. हां, आगे न हो इसके लिए समाज में विश्वास का माहौल क़ायम करना बेहद ज़रूरी है. कैसे होगा

12.9.08

बिहार बाढ़ पीड़ितों के साथ एकजुटता के लिए सामने आएं

बिहार फ़्लड रिलीफ़ नेटवर्क की ओर से बिहार बाढ़ पीडितों के समर्थन में जारी अपील

प्रिय साथियों
बिहार के शोक के नाम से जानी जानेवाली कोसी नदी ने अपने साथ हुई छेड़छाड़ के प्रति अपना ग़ुस्सा दिखाते हुए तटबंधों को तोड़ दिया है। उत्तर बिहार के 15 ज़िले के लोगों की ज़िंदगी और रोज़गार पानी के धारों के साथ बह चली है। सरकारी आंकड़ों के हिसाब से राज्य के लगभग 30 लाख लोग अपने घर, रोज़गार और सम्मान से वंचित हो गए हैं। अपनी मेहनत से कमाकर खानेवाले लोग मुट्ठी-भर दाने के लिए मुहताज हो गए हैं। कार्यकर्ता और बचाव और राहत कार्य में जुटे गंभीर विश्लेषकों का मानना है कि मृतकों और प्रभावितों की संख्या का सही आकलन तभी लगाया जा सकता है जब बाढ़ उतर जाए और सारे लोग अपनी जगह पर वापस आ जाएं। इसकी संभावना भी कम ही दिखाई देती है क्योंकि अभी से लोग बड़ी संख्या में पनाह और रोज़गार की तलाश में दिल्ली, पंजाब और दूसरे छोटे-बड़े शहरों की ओर पलायन करने लग गए हैं। एक अख़बार के अनुसार 1 लाख हेक्टेयर या 2.5 लाख एकड़ की खेती तबाह हो गई है। इससे बिहार की पहले से बिगड़ी खाद्य-स्थिति पर और भी बुरा असर पड़ेगा और क्षेत्र की जनसंख्या को पोषित करने की क्षमता में तीव्र गिरावट निश्चित है।

दोस्तो, जैसे-जैसे बाढ़ के पानी के उतरने की ख़बर आ रही है मीडिया के लिए बाढ़ की ख़बर ग़ैर-ज़रूरी होती जा रही है। बिहार सरकार ने मान लिया है कि बचाव का काम पूरा हो चुका है और अब बचाव कार्य की कोई ज़रूरत नहीं रह गई है। सरकार ने यह घोषणा भी कर दी है लेकिन बचाव और राहत कार्य से जुड़े एक प्रोफ़ेसर कार्यकर्ता ने सेना के एक महत्वपूर्ण अफ़सर के हवाले से कहा है कि अभी तक 3/4 लोग यहां-वहां बाढ़ के पानी में फंसे हैं और उनतक राहत का कोई सामान नहीं पहुंच रहा है।

अभी समय की मांग है कि सभी प्रभावित और बाढ़ में फंसे लोगों को बिना और समय गंवाए सुरक्षित जगहों तक पहुंचाया जाए। बाढ़ग्रस्त इलाक़ांे से यह ख़बर आ रही है कि बचाव और राहत कार्य में दलितों और अल्पसंख्यकों के साथ बड़े स्तर पर भेदभाव किया जा रहा है। हम सभी का यह दायित्व है कि सरकारों और प्रशासन पर यह दबाव बनाया जाए कि वे जाति-धर्म और दूसरी सभी दीवारों को भूलकर सभी प्रभावित लोगों को देश का समान नागरिक मानकर अपनी सेवाएं पहुंचाएं।

दोस्तो, बाढ़ प्रभावित इलाक़ों में राहत सामग्रियों की बेहद कमी है। कई सामाजिक संस्थाओं, राज्यों की सरकारों और दूसरे समूहों ने अपनी इस ज़िम्मेदारी को समझते हुए बाढ़ पीड़ितों के साथ अपनी एकजुटता का परिचय दिया है और राहत के कामों में जुटी हैं। लेकिन इस बाढ़ से जिस स्तर की तबाही आई है उससे लड़ने के लिए इतना सहयोग काफ़ी नहीं है। बिहार की सरकार द्वारा कोसी नदी तटबंध के टूटने के पहले और बाद में जिस तरह की लापरवाहियां बरती गई हैं वे जगज़ाहिर हैं। बचाव और राहत कार्यों को पूरा करने में भी सरकार ने अपनी अक्षमता का खुलकर प्रदर्शन किया है। इन कारणों से सरकारी पुनर्निर्माण की संभावनाएं भी शक के घेरे में आ जाती हैं। इसलिए जागरूक नागरिकों की यह ज़िम्मेदारी बनती है कि बचाव और राहत कार्यों पर कड़ी नज़र रखें और राहत सामग्री सही हक़दारों तक पहुंचे इसकी भी गारंटी करें।

दोस्तो, इस आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता कि बाढ़ का पानी जैसे-जैसे उतरेगा मानवीय अपील के कारण होने वाले राहत कार्य भी शिथिल पड़ते जाएंगे। पीड़ित लोगों की यादों में बाक़ी रह जाएंगी अपने अपनों, घर और रोज़गार की तबाही की तस्वीरें और एक ऐसा निराशाजनक भविष्य जो किसी का भी दिल दहला दे। इसलिए हमारी यह भी मांग होनी चाहिए कि सभी प्रभिावित लोगों का पूरा पुनस्र्थापन हो। जीवन और मानवता के पुनर्निर्माण के इस काम में हमें अपनी भूमिका भी तय करनी होगी। अगर हम इस काम में असमर्थ रहते हैं तो पलायन का एक ऐसा दौर चलेगा जो ग़रीबों के जीवन को और भी कठिन बना देगा और मानवाधिकारों की सभी लड़ाइयों को कमज़ोर कर देगा।

दिल्ली के सजग नागरिकों, कार्यकर्ताओं और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने मिलकर बिहार फ़्लड रिलीफ़ नेटवर्क नाम से एक मोर्चा बनाया है जो बाढ़ पीड़ितों के अधिकारों के लिए काम करनेवाले लोगों और संस्थाओं के कामों में अपना सहयोग दे रहा है। आप भी इस मोर्चे से जुड़ें और बिहार के बाढ़ पीड़ितों के जीवन के पुनर्निर्माण के काम में अपना सहयोग सुनिश्चित करें।

ज़्यादा जानकारी के लिए संपर्क करें
राकेश सिंह फ़ोनः 9811972872 ईमेलः rakeshjee@gmail.com
विनय सिंह फ़ोनः 9810361918 ईमेलः kumarvinaysingh@gmail.com
इश्तियाक़ अहमद फ़ोनः 9968329198 ईमेलः muktigami@gmail.com