8.1.09

सामाजिक संघर्षों को संबल प्रदान करते ब्लॉग

'मीडियास्कैन' टीम के कहने पर अख़बार के जनवरी अंक के लिए ब्लॉग और सामाजिक सरोकारों पर एक लेख मैंने लिखा था. संभवत: स्थानाभाव के चलते अख़बार में लेख अधूरा छप पाया. हां, ज़रा ध्यान से संपादकीय कैंची चली होती तो कम-से-कम लेख का मूल तर्क पाठकों तक जा पाता. बहरहाल, संपादन के सांस्थानिक महत्त्व का आदर करते हुए 'मीडियास्कैन' में छपे 'सामाजिक संघर्षों को सबलता' का असली प्रारूप यहां पेश कर रहा हूं.

मान लेने में कोई हिचक नहीं होनी चाहिए कि ब्लॉग की ने तमाम किस्मों की अभिव्यलक्तियों को प्रबल और मुखर बनाया है. व्यक्तिगत तौर पर लोग ब्लॉगबाज़ी कर रहे हैं, जो लिखना है, जैसे लिखना है - लिख रहे हैं. अपने ब्लॉग पर लिख रहे हैं, मित्रों के ब्लॉग के लिख रहे हैं, सामुदायिक ब्लॉगों पर लिख रहे हैं. कई दफ़े ये लेखन असरदार साबित हो रहे हैं. निचोड़, कि ब्लॉगिंग हिट है.
सामाजिक सरोकारों, आंदोलनों या संघर्षों की रोशनी में ब्लॉग की हैसियत की पड़ताल से पहले एक बात साफ़ हो जानी चाहिए. अकसर सुनने में आता है कि ‘जी, मैं तो स्वांत: सुखाय लिखता हूं’ या ये कि ‘फलां तो लिखता ही अपने लिए है’. मेरी इससे असहमति है. लिखते होंगे दिल को ख़ुश करने के लिए, पर ब्लॉग पर प्रकाशित हो जाने के बाद उस लिखे हुए के साथ लेखक और प्रकाशक के अलावा पाठक भी जुड़ जाता है. यह पाठक पर निर्भर करता है कि वह अब उस लिखे पर सहमति-असहमति, ख़ुशी-नाख़ुशी, तारीफ़ या खिंचाई में से, जो चाहे करे. ऐसा तो हो नहीं सकता कि किसी सामग्री को पढ़ने के बाद उस पर किसी की कोई राय बने ही न. मेरी इस दलील का गरज इतना भर है कि किसी प्रकार की अभिव्य क्ति के सार्वजनिक हो जाने के बाद उसका एक सामाजिक असर होता है. हर ब्लॉगलिखी किसी न किसी सामाजिक पहलू, प्रक्रिया, प्रवृत्ति, परिस्थिति या परिघटना पर उंगली रख रही होती है, उकेर रही होती है, उकसा रही होती है, या फिर उलझा या सुलझा रही होती है.
उपर वाले तर्क से यह साफ़ हो जाता है ब्लॉगगिरी अभिव्यक्ति के माध्य म से आगे बढ़ कर सामाजिक सरोकारों, संघर्षों और संस्थाहओं को संबल प्रदान करने का औज़ार भी बन चुका है. रोज़ नहीं तो कम-से-कम हफ़्ते में कोई न कोई मुद्दा आधारित ब्लॉग जनम रहा है. कहीं दलितमुक्ति पर लिखा जा रहा है तो कहीं महिलामुक्ति पर, कोई सूचना के अधिकार पर जानकारी बांट रहा है तो कोई पर्यावरण को लेकर चिंतित है, कोई कला और संस्कृगति जगत की हलचल से रू-ब-रू करा रहा है तो कहीं सरकार की जनविरोधी विकास नीतियों का प्रतिरोध दर्ज हो रहा है, कहीं राजनीति मसला है तो कहीं भ्रष्टारचार, कोई अपनी सामाजिक प्रतिबद्धताओं व गतिविधियों को साझा कर रहा है तो कोई ख़ालिस विचार-प्रचार में लीन है. अरज ये कि जितने नाम उतने रंग और जितने रंग उतने ढंग.
मिसाल के तौर पर सफ़र की स्वयंकबूली देखिए, ‘एक ऐसी यात्रा जिसमें बेहतर समाज के निमार्ण और संघर्ष की कोशिशें जारी हैं ...’. सरसरी निगाह डालने पर पता चलता है कि शिक्षा, क़ानून, मीडिया और संस्कृति को लेकर सफ़र न केवल प्रतिबद्ध है बल्कि यत्र-तत्र प्रयोगात्मक कार्यक्रम भी चला रहा है. इसकी दायीं पट्टी पर त्वरित क़ानूनी सलाह के लिए हेल्पलाइन नं. +91 9899 870597 भी है. ख़ुद को आम आदमी का हथियार .... बताता सूचना का अधिकार संबंधित क़ानून, इसके इस्तेमाल और असर से जुड़े लेख, संस्मारण, रपट, इत्यादि का एक बड़ा जखीरा है. इसकी बायीं पट्टी पर आरटीआई हेल्पसलाइन नंबर 09718100180 दर्ज है. जमघट सड़कों पर भटकते बच्चों के एक अनूठे समूह के रचनात्मक कारनामों का सिलसिलेवार ब्यौरा पेश करता है. मैं जमघट को शुरुआत से जानता हूं और यह कह सकता हूं कि ब्लॉग ने जमघट को सहयोगियों व शुभचिंतकों का एक बड़ा दायरा दिया है.
वक़्त हो तो एक मर्तबा यमुना जीए अभियान पर हो आइए. यहां आपको दिल्ली में यमुना के साथ लगातार बढ़ते दुर्व्यवहार पर अख़बारी रपटों, सरकार के साथ किए जा रहे संवादों, लेखों, इत्या़दि के ज़रिए ज़ाहिर की जाने वाली चिंताएं मिलेंगी. पर्यावरण के मसले पर गहन-चिंतन में लीन दिल्ली ग्रीन पर निगाह डालें, पता चलेगा कि हिन्दीं में लिखा-पढ़ी करने वालों ने शहरीकरण के मौज़ूदा तौर-तरीक़ों व उसके समानंतर उभर रहे पर्यावरणीय जोखिमों पर किस तरह चुप्पी साध रखी हैं.
समता इंडिया दलित प्रश्नों व ख़बरों से जुड़े ब्लॉगों का एक बेहद प्रभावी मंच है. दलित मसले पर देश में क्या कुछ घटित हो रहा है, यहां से आपको मालूम हो जाएगा और विदेशी हलचलों की कडि़यां मिल जाएंगी. स्वरच्छकार डिग्निटी पर आपको सफ़ाईकर्मियों व सिर पर मैला ढोने वालों के मानवाधिकार के सवालों पर विद्याभूषण रावतजी के लेखों और उनके द्वारा सं‍कलित सामग्रियों का एक बड़ा भंडार मिलेगा. ज़रा इस आत्मरपरिचय पर ग़ौर कीजिए, ‘धूल तब तक स्तुत्य है जब तक पैरों तले दबी है ... उडने लगे ... आँधी बन जाए ... तो आँख की किरकिरी है ..चोखेर बाली है’. जी हां, अत्यल्प समय में चोखेर बाली स्त्री-साहित्य पर बहस-मुबाहिसों के सायबरी केंद्र के रूप में स्थापित हो चुकी है.
छत्तीसगढ़ में सरकार द्वारा आंतरिक आंतकवाद से निबटने के नाम पर ज़मीनी स्तर पर सक्रिय मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के
साथ की जा रही अमानवीय कार्रवाइयों के विरोध में नागरिकों व संगठनों का एक सामूहिक प्रयास है कैंपेन फ़ॉर पीस ऐंड जस्टिस इन छत्तीसगढ़. इस पर सलवा-जुड़म समेत तमाम सरकारी कार्यक्रमों व जनविरोधी क़ानूनों के बारे में पर्याप्त जानकारी संग्रहित है. आनि सिक्किम रंचा उस रोते हुए सिक्किम की दर्दनाक कहानी बयां करता है जहां पांच सौ से भी ज्यादा दिनों से स्थानीय लोग तीस्ता नदी को बांधने के सरकारी फ़ैसले के विरोध में अनशन पर बैठे हैं. यह नाता-रिश्ता, गांव-समाज और आजीविका के स्रोतों के तबाह होने की कारूणिक कहानियों और उसके खिलाफ़ एकजुट प्रतिरोध का हरपल अपडेटेड दस्तावेज़ है. काफिला अंग्रेजी में सक्रिय एक विशिष्ट किस्म का ब्लॉग है. आज की दुनिया के ज्वलंत प्रश्नों, मसलों और विचारों पर चिंतन-मनन करने वालों की एक टीम विचारोत्तेजक लेख, विवरण, संस्मरण, इत्यादि के मार्फ़त नियमित रूप से इसे संवर्द्धित करती रहती है, और जमकर बहसें होती हैं.

सामाजिक सरोकारों को लेकर कई बार आनन-फ़ानन में भी कुछ ब्लॉंग्स अस्तित्व में आते हैं और अपना छाप छोड़ जाते हैं. पिछले सालों में आए सुनामी, भूकंप और हालिया बाढ़ के बाद ऐसे कई ब्लॉगों का जन्म हुआ. इनमें से कुछ असरदार भी रहे. मिसाल के तौर पर दिल्ली स्कूल ऑफ़ सोशल वर्क द्वारा आरंभ किए गया बिहार फ़्लड रिलीफ़ बाढ़ग्रस्त इलाक़ों में तबाही की मंज़रबयानी और वहां चलाए जा रहे राहत और पुनर्वास कार्यों का एक अक्षुण्ण दस्ता़वेज़ बन चुका है. दास्तानगोई किस्सागोई की लुप्तमप्राय हो चुकी परंपरा को पुनर्जीवित करने का एक अनूठा प्रयास है.
खालिस विचार प्रचार और अपने एजेंडे को आगे बढ़ाने की जमात में जनवादी लेखक संघ और हितचिंतक जैसे ब्लॉगों का नाम शामिल है. पहले वाला जनवादी लेखन का सायबरी अभिलेखागार तैयार कर रहा है और बाद वाला ख़ुद को कट्टर दक्षिणपंथी विचारों के मार्फ़त राष्ट्रखवाद एवं लोकतंत्र की रक्षा में समर्पित बताता है.
यहां यह ग़ौरतलब है कि सामाजिक सरोकारों पर जितने ब्लॉग अंग्रेज़ी में दिखते हैं उतने हिन्दी में नहीं. सामाजिक संघर्षों, आंदोलनों या संस्थाओं के द्वारा चलाए जा रहे ब्लॉगों की कुछ सी‍माएं भी हैं. मसलन, कई तो महीनों बाद अपडेट होते हैं, कईयों की पक्षधरता इतनी कट्टर होती है कि वे विवेकशीलता और तर्कपरकता से कोसों दूर चलते नज़र आते हैं. मैं एक बार फिर अपने शुरुआती दलीलों की ओर लौटना चाहता हूं. वो ये कि ख़ुद को किसी मुद्दा विशेष पर समर्पित होने का दावा करने वाला ब्लॉग ही उस मसले को नहीं उठा रहा होता है, कभी-कभी व्यक्तिगत ब्लॉगों पर छप रहे लोगों के अनुभवों से भी उस मसले को बल मिल रहा होता है और संघर्ष की ज़मीन तैयार हो रही होती है. ऐसे तमाम ब्लॉग मेरे लिए बेहद महत्त्वपूर्ण हैं.
ज़रूरी तकनीकि और शब्दावली की अनुपस्थिति में इंटरनेट पर हिंदी आज भी सपना ही होता. और इस लिहाज़ से कुछ लोगों के काम संस्थाओं पर भी भारी पड़ते हैं. रविशंकर श्रीवास्वर उर्फ़ रवि रतलामी और देवाशीष चक्रवर्ती उन गिने-चुने लोगों में से हैं जिन्होंने इंटरनेट पर हिंदी के लिए आवश्यक तकनीकि और भाषाई विकास में ऐतिहासित भूमिका अदा की और आज भी कर रहे हैं. हिन्दी के ब्लॉगल खिलाडि़यों को जब कोई परेशानी होती है तब रवि रतलामी का हिन्दी‍ ब्लॉग उनको राहत प्रदान करता है, जबकि देवाशीष के नुक्ताचीनी पर नए-नए तकनीकि संबंधी पर्याप्त जानकारी होती है और निरंतर तो ठीक-ठाक ब्लॉगज़ीन बन चुका है.
सा‍माजिक सरोकारों की रोशनी में ब्लॉग पर चर्चा करते पर मोहल्ला को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता है और न ही हिन्दयुग्म को. वृहत्तर सामाजिक हित के मसलों पर चर्चा और उतनी ही तीखी टिप्पणियां मोहल्ला पर ही संभव है. जबकि हिन्दमयुग्म ने ख़ुद को इंटरनेट पर हिन्दी की रफ़्तार बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण से लेकर साहित्य-सृजन के अद्भुत मंच के रूप में स्थापित किया है.

2.1.09



सारांश यहाँ आगे पढ़ें के आगे यहाँ

सारांश यहाँ आगे पढ़ें के आगे यहाँ

26.12.08

मेरे भगवान मेरे पिता हैं: शास्‍त्रीजी


''मां को मैंने कभी नहीं जाना. चार बरस का था तब मां गुज़र गयीं. और पिता मेरे इतने बहादुर निकले कि लोगों के लाख कहने और समझाने पर भी दूसरी शादी नहीं की. तो मेरे लिए तो पिता ही बाप और पिता ही मां रहे. पिता ने जो स्‍नेह दिया, मैंने उसी में मां का भी प्‍यार पाया. हर तरह से.'' कहकर शास्‍त्रीजी फिर हूं, हूं करने लगे. और मैं उन्हें न जाने क्‍यों टुकुर-टुकुर ता‍के जा रहा था. शायद मेरे इस तरह ताकने को उन्‍होंने भांप लिया. बोल पड़े, ''अब क्‍या, अब तो समझिए कि उल्‍टी गिनती शुरू हो चुकी है. आज जैसा देख रहे हैं मुझे, मैं वैसा नहीं न था पहले. अब तो कमज़ोर हो गया हूं, कपड़े-लत्ते भी गंदे दिख रहे होंगे. देखना ही चाहते हैं तो ज़रा उधर देख लीजिए ...'' कहकर सामने वाली दीवार पर टंगी तस्‍वीरों की ओर इशारा किया. मैंने भी यह सोचकर कि बाद में याद रहे, न रहे; खड़ा हुआ, नजदीक गया और सारी तस्‍वीरों को अपने कैमरे में उतार लिया. ढंग से तो नहीं उतर पाया, पर जैसा भी हो पाया, हो गया.
शास्‍त्रीजी ने दीवारों पर टंगी तस्‍वीरों के बारे में बताया. इशारा करते हुए कहा कि ये, इधर वाला तब का है जब मैं पटने में था, वो तब का जब मैं बनारस से आया था, वो वाला रिटायरमेंट के थोड़ा पहले का ..... मैं उन सारी तस्‍वीरों को अपने कैमरे में उतार चुकने के बाद फिर उनकी ओर ताकने लगता.

'शास्‍त्रीजी आप अपने पिता के बारे में कुछ बता रहे थे ...' कहकर मैं पुन: एक बार उधर लौटना चाहा. शास्त्रीजी ऐसे शुरू हो गए जैसे तस्‍वीरों वाली बात उठी ही न हो. एकदम ताज़ा. ''कहा न आपको कि मेरे लिए मेरे पिता ही मां थे और बाप भी. जब मैं मुज़फ़्फ़रपुर आ गया तो को भी अपने पास ले आया. ये घर देख रहे हैं न आप, कोई पागल ही इतना बड़ा घर बनाएगा. मैं पाग़ल था और मैंने इतना बड़ा घर बनाया. हां, तो कह रहा था कि पिता को अपने साथ ले आया. उनके लिए दूघ की ज़रूरत को देखते हुए मैंने तब एक गाय ख़रीदी थी. कृष्‍णा नाम था उसका. ये देख रहे हैं न सामने ... कृष्‍णायतन है. कृष्‍णा के रहने के लिए बनवाया था. कृष्‍णा तो रही नहीं पर उसकी संतानें पीढियों से यहां रह रही हैं''. सामने नाद के दोनों और कड़ी से बंधे -बछड़ों की ओर इशारा करते हुए होंने कहा, '' ये सब तीसरी-चौथी पीढ़ी वाले हैं.'' उत्‍सुकतावश मैंने पूछ लिया, ''शास्‍त्रीजी, तब तो बहुत दूध होता होगा? क्‍या होता है दूध का?'' उनकी हूं, हूं हहहा में बदल गयी, 'नहीं, न तो एक बूंद दूध बाहर गया और न कृष्‍णा का कोई संतान कभी बिका.यहां के कुत्ते बिल्लियों से लेकर इंसानों तक, सब दूध खाते हैं, दूध पीते हैं. और कृष्‍णा और उसके मरे हुए संतानों की समाधियां भी इसी हाते के अंदर है. सबकी पक्‍की समाधियां बनी हुई हैं. चाहते हैं तो घूम आइए. देख आइए आंखों से. सामने ही तो है.''
इतने में शास्‍त्री की बिटिया (जो ख़ुद हिंदी की अवकाशप्राप्‍त प्राघ्‍यापिका हैं) जो निराला निकेतन के सामने वाले मकान में रहती हैं, आयीं, पिता को चरण स्‍पर्श किया और बोल पड़ी, ''बाबुजी, आज तो बाबा के सामनेदियाजला दीजिए. जानते हैं आपको दिक्‍़क़त होगी, हमलोग पकड़ लेंगे, लेकिन बाबा के मंदिरवा में दिया तो जला दीजिए आज. छोटी दिवाली है आज.''
''कमाल है गुडिया, मुझे तो किसी ने बताया ही नहीं कि आज छोटी दिवाली है. ये लोग भी नहीं बताए (विजयजी और मेरी ओर इशारा करते हुए उन्‍होंने कहा)''. हूं हूं... करते हुए एक बार फिर मुझसे मुख़ातिब हुए, ''सामने देख रहे हैं न, ये मैंने अपने पिता की याद में मंदिर बनवाया है. मैं कभी मंदिर में नहीं गया और न ही किसी देवता को पूजा. मेरे भगवान मेरे पिता हैं. उन्‍होंने कभी मेरा नाम नहीं लिया. बस एक ही बार बोले, तब चलें न जानकी वल्‍लभ? और चल पड़े''.

22.12.08

उफ़ान


अविनाश झा सेंटर फ़ॉर स्‍टडी ऑफ़ डेवलपिंग सोसायटिज़ (सीएसडीएस) में सहायक पुस्‍तकालयाध्‍यक्ष की हैसियत से काम कर रहे हैं और मेरे अज़ीज़ों में से एक हैं. ज्ञान पर चिंतन-मनन और लिखना-पढ़ना इनका प्रिय शगल है. जो पता नहीं था वो है इनकी कविताई. अभी-अभी इनकी कुछ कविताएं मेरे हाथ लगी है. यद्यपि छपने-छपाने से अविनाशजी को परहेज है. पर उनसे माफ़ी मांगते हुए अपने पसंद की उनकी दो रचनाएं हफ़्तावार के पाठकों के साथ साझा कर रहा हूं और कुछ बाद में भी करूंगा.

उफ़ान

विगत का उफ़ान उठता है
किताब के पन्‍ने अनायास ही
फरफरा जाते हैं
और मैं
टूट जाता हूं
क्षण से
मोती खोजता हूं
किनारे के भुरभुरे
फेन को
उंगलियों से कुरेदते
बुलबुले
फूटते जाते हैं
समीकरण समय के
छूटते जाते हैं
मैं आकाश को
समन्‍दर के शीशे में
ढूंढने लगता हूं.


लाल रंग

सूर्य का रंग लाल हो, न हो
रक्‍त का रंग लाल हो, न हो
क्‍या इतना काफ़ी नहीं
रक्‍त में सूर्य मिल जाए
सूर्य रक्‍त से बना हो .

17.12.08

यानी आडवाणीजी रामद्रोही भी हुए?

मुझे लगा कि आगे बढ़ने से पहले कुछ मित्रों की भ्रांतियों को दुरुस्‍त करने की एक और कोशिश कर ली जाए. सिलसिलेवार ठीक रहेगा.

कल मैंने ये लिखा कि आतंकवाद से निबटने के लिए जो भी क़ानून अपने देश में बनाए जाएंगे उसके तहत अगर सबसे पहले आडवाणीजी पर कार्रवाई होगी तो मुझ जैसे टैक्‍सपेयर को बड़ी तसल्‍ली होगी और देश में अमन-चैन को भी बढ़ावा मिलेगा. और ये मेरा प्रस्‍ताव था. जिस पर मैं आज भी क़ायम हूं. और आपलोगों ने इसे पता नहीं किन-किन रिश्‍तेदारियों में ढालने की कोशिश की. मेरे लिए तर्क यानी दलील अलग चीज़ है और रिश्‍तेदारी अलग. और शायद तमाम विवेकशील लोग मेरी इस राय से सहमत होंगे. आप ज़रूर अपने लिए इसे किसी रिश्‍तेदारी की चीज़ मानें. हां, जहां तक रिश्‍तेदारी की बात है तो मैं ख़ुद को वसुधैव कुटुम्‍बकम वाली जमात का मानता हूं.
आडवाणीजी की फिरकापरस्‍त गतिविधियों की चर्चा करना देशद्रोह हुआ, क्‍यों भाई? कौन नहीं जानता कि आडवाणीजी उस राजनीतिक वंश के बूढ़े बरगद ठहरे जिसका ताल्‍लुक़ कभी भी देशहित के बारे में विचारने या करने से नहीं रहा. जी हां, मैं राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ की ही बात कर रहा हूं. पुराना ही सवाल दोहरा रहा हूं : बता सकते हैं आप कि आज़ादी के आंदोलन के दौरान आडवाणी या संघ से जुड़े किसी भी सख्‍़स ने बलिदान किया हो? मित्र आप (यानी संघ परिवार के विभिन्‍न घटक) तो पैदा होते ही हिन्‍दू राष्‍ट्र के चक्‍कर में पड़ गए, या आपको पैदा ही इसलिए किया गया. आपको भारत की आज़ादी या आज़ाद भारत की फिक्र करने का मौक़ा कहां मिला! आपका दोष नहीं है. थानेदार को माफ़ीनामा देकर कौन कैसे भागा और कैसे आज़ादी के आंदोलन में शामिल लोगों के बारे में अंग्रेज़ों को जानकारी दी जाती रही, नहीं जानते हैं आप? आपको जानना चाहिए. कम से कम अपना इतिहास तो आपको क़ायदे से जानना चाहिए.
ये बताने की बार-बार ज़रूरत क्‍यों होनी चाहिए कि देशद्रोही क़रार दिए जाने की पात्रता आडवाणीजी के पास है. अंग्रेज़ों से लड़कर, करोड़ों कुर्बानियां देकर हमारे स्‍वतंत्रता से‍नानियों ने जो देश हमें दिया वो एक धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्‍य है. चाहें तो प्रस्‍तावना पर एक नज़र मार लें. किसी ख़ास धर्म, समुदाय, रंग, लिंग या क्षेत्र के प्रति पक्षधरता हो हमारे संविधान का, ऐसा उल्‍लेख तो नहीं मिलता उस किताब में जिसे डॉ. बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर ने बनाया था और जिसे 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया. वही 26 जनवरी जिस दिन समूचा देश गणतंत्र दिवस मनाता है. हमें ये दिन इसलिए भी याद है कि इस दिन स्‍कूल के प्रधानाध्‍यापक श्री लक्ष्‍मीनारायण ठाकुर को झंडोत्तोलन के तुरंत बाद एनसीसी द्वारा पेश किए जाने वाले गार्ड ऑफ़ ऑनर का निरीक्षण करने के लिए मैं आमंत्रित करता था. और इस रस्‍म के बाद थोड़ा भाषण-वाषण और फिर नयी बिल्डिंग में सीढियों के बग़ल में हम बच्‍चों के बीच जलेबी वितरण कार्यक्रम होता था. हमारे रोएं खड़े हो जाते थे जब हम अपने स्‍वतंत्रता सेनानियों के बारे में सुनते थे. पर मित्रों, तब से लेकर अब तक एक भी बार आपके संघ से जुड़े किसी नेता के नाम के साथ 'अमर रहें' न हमसे बोलवाया गया और न हम बोल पाए.
हां तो कह रहा था कि आडवाणीजी देशद्रोही क़रार दिए जाने की पर्याप्‍त पात्रता रखते हैं. चाहें तो देशद्रोह की परिभाषा पर आप स्‍वयं एक निगाह डाल लें. वो ऐसे कि हमारे देश के नाम का जान-बूझकर ग़लत उच्‍चारण करते हैं, जिससे यह घ्‍वनित होता है कि यह देश किसी धर्म विशेष का है, इससे हमारे संविधान का ही नहीं, उन करोड़ों स्‍वाधीनता से‍नानियों का अपमान होता है जिन्‍होंने इस देश को आज़ाद करने के लिए बेहिसाब यातनाएं झेलीं और अपने जान न्‍यौछावर किये. वैसे तो इस मुल्‍क में आज तक किसी ने ऐसी ज़ुर्रत की नहीं लेकिन सेकेंड भर के लिए यह मान लें कि कोई इसे कृश्चिस्‍थान, सिखिस्‍थान, इस्‍लामिस्‍थान, बु‍दिस्‍थान, जैनिस्‍थान, कबीरस्‍थान, नास्तिकस्‍थान कह दे. आपको लगता है कि राज्‍य ऐसा कहने वालों को छोड़ देगा? छोड़ नहीं देगा, तोड़ देगा. हर तरह से तोड़ देगा, हर तरह से. और धर्म विशेष के पक्ष और विपक्ष में उनके कई भाषण यत्र-तत्र बिखरे पड़े हैं. मुझसे ज्‍़यादा सहजता से आप ढूंढ लेंगे, और अपनी पसंद का. लचीला या तीखा : जैसा चाहेंगे मिल जाएगा. यानी वैसा कुछ भी करने की क्षमता और माद्दा न केवल वे रखते हैं बल्कि समय-समय पर इज़हार भी करते रहते हैं जिससे इस देश की धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक संरचना तार-तार होती है.
थोड़ी चर्चा आतंकवाद की. परिभाषा स्‍वयं देख लें. अब बताएं कि क्‍या श्रीमान आडवाणीजी के कारनामे आतंकवादी कहे जा सकने लायक़ हैं या या नहीं. उनके द्वारा, या उनके निर्देश से या उनके संरक्षण में या प्रत्‍यक्ष/परोक्ष रूप से उनकी मिलीभगत से, या उनकी जानकारी में, या उनकी निगरानी में होने वाली हर वो गतिविधि और हर वो कार्रवाई आतंकवादी है जिससे समाज समग्रता में या तबक़ा विशेष ख़ौफ़जदा होने को मजबूर होता या है. मिसालें जितनी चाहें, आपको मिल जाएंगी. फिर भी कुछ मोटे उदाहरण आपकी खिदमत में पेश करने की गुस्‍ताख़ी कर रहा हूं. क़रीब सोलह साल पहले श्रीमान लालकृष्‍ण ने राम के नाम पर एक यात्रा निकाली. उसके बाद क्‍या-क्‍या हुआ, कहां-कहां हुआ, कब-कब हुआ, कितना-कितना हुआ, कैसे-कैसे हुआ - आप जानते ही होंगे; हां आपको उस पर गर्व हो रहा होगा, हमें शर्म आती है. सरयूतीरे रचित नव अयोध्‍याकांड के प्रणेता कौन हैं और कौन प्रेरणास्रोत: मेरे ख़याल बताने की ज़रूरत नहीं होनी चाहिए. इस पर भी आप गर्व करेंगे.
यही सख्‍स कुछ साल पहले इस देश के गृहमंत्री थे और उसके उप भी जिसके प्रधान बनने की जल्‍दबाज़ी में हैं आजकल. तो उन दिनों देश के विभिन्न हिस्‍सों में और विशेषकर उन प्रदेशों में जहां-जहां सीधे उस पार्टी जिससे लालकृष्‍णजी ताल्‍लुक़ रखते हैं, की सरकार थी या फिर सहयोगी दलों का शासन जहां-जहां था; ईसाइयत में आस्‍था रखने वालों के साथ जमकर दुर्व्‍यवहार हुआ. दुर्व्‍यवहार क्‍या, संगठित जघन्‍य अपराध. जिन्‍दा जलाने से लेकर सामूहिक बलात्‍कार तक. लौहपुरुष एक बार भी न पिघले. पिघलते क्‍या, उल्‍टे परोक्ष रूप से अपराधियों की तरफ़दारी ही कर पाए. देखा नहीं आपने गुजरात के 'हिन्‍दु राष्‍ट्र' में प्रहरियों ने तलवार की नोंक से कैसे कौसरबानों की अजन्‍मी बिटिया को कोख से बाहर खींच कर सड़क पर मसल दिया! क्‍या-क्‍या कहा जाए. बहुत बातें हैं. मुझे मालूम है जितने तथ्‍य मैं गिना रहा हूं उसे ग्रहण तो आप करेंगे लेकिन पचा तभी पाएंगे जब आपको अमन और इंसानियत से प्यार होगा.
एक बात और बताउं आपको? ये आडवाणीजी देवद्रोही भी हैं. राम नामक एक देवता हुए हैं. उनके नाम पर मंदिर बनवाने के बहाने काफ़ी कुछ किया गया. मसलन देश भर में ईंटें घुमायी गयीं, डीजल वाला रथ घुमाया गया, देश भर से लोगों को ख़ासकर नौजवानों से फ़ैज़ाबाद जिले के अयोध्‍या में जमा होने का आवाहन किया गया और हज़ारों की तादाद में नौजवान बताए हुए स्‍थान पर पहुंचे, एक पुरानी मस्जिद ढाही गयी, उसके बाद दंगे हुए और करवाए गए, फिर चुनाव के वक्‍़त वोट मांगे और बटोरे गए, फिर जगह-जगह राज भोगा गया. और ये सब हुआ श्रीमान लालकृष्‍ण आडवाणी जी के प्रत्‍यक्ष और कभी-कभार परोक्ष नेतृत्‍व में. और इन 'महत्त्वपूर्ण' प्रक्रिया में डेढ़ दशक से ज्‍़यादा अवधि की खपत हो गयी. पर वो रामालय आज तक नहीं बन पाया. रामजी सोचते नहीं होंगे? सोचते होंगे, ज़रूर सोचते होंगे. मेरे खयाल से इतना कुछ हो जाने के बाद तो देवद्रोह का मामला भी बनता है. बल्कि स्‍पष्‍ट रूप से कहें तो रामद्रोह का. यानी आडवाणीजी रामद्रोही भी हुए?

आडवाणीजी और अनलॉफुल ऐक्‍िविटिज़ (प्रिवेंशन) अमेंडमेंट बिल 2008

लोकसभा चैनल पर चर्चा देख रहा हूं. थोड़ी देर पहले गृह मंत्री पी चितंबरम महोदय ने 'नेशनल इंवेस्टिगेटिंग एजेंसी बिल 2008 ऐंड अनलॉफुल ऐक्टिविटिज़ (प्रिवेंशन) अमेंडमेंट बिल 2008 पेश किया था और दोनों ही प्रस्‍तावित कानूनों के महत्त्वपूर्ण बिंदुओं को सदन के सामने रेखांकित किया था. उसके बाद सदन के अध्‍यक्ष ने विपक्ष के नेता लालकृष्‍ण आडवाणी को इस प्रस्‍ताव पर चर्चा आगे बढ़ाने के लिए आमंत्रित किया. आडवाणीजी 20 मिनट से ज्यादा बोल चुके हैं लेकिन अब तक गृह मंत्री द्वारा पेश किए गए बिल से अपनी 'सैद्धांतिक सहमति' जताने के अलावा कुछ नहीं बोला है उन्‍होंने. 20-25 मिनट से पकाए जा रहे हैं. कहे जा रहे हैं कि किस तरह दस साल पहले ही उन्‍होंने आतंकवाद से निपटने के रास्‍ते ढूंढ लिया था. उन्‍होंने मौजूदा सरकार को दृष्टिहीन बताया, ये भी बताया कि सरकार की निंद देर से खुली है. पता नहीं क्‍या-क्‍या बोला आडवाणीजी ने. सुनकर किसी भी क्षण ऐसा नहीं लगा कि उनकी किसी भी बात से कोई संदेश मिलेगा इस देश को. कितने स्‍वार्थी हैं आडवाणीजी. जो बोलते हैं वोट की दृष्टि से ही बोलते हैं. पता है कि देश के लोग देख रहे हैं, अच्‍छा मौक़ा है रिझाने का; सो रिझाने लगे.
गृहमंत्री द्वारा पेश किए गए दोनों विधेयकों में क्या-क्‍या है या होगा: अंदाज़ा लगाना मुश्किल नहीं है. इससे पहले भी आते रहे हैं ऐसे विधेयक, बनते रहे हैं क़ानून और इक्‍के-दुक्‍के मामलों को छोड़कर कमज़ोर लोगों पर इन क़ानूनों के तहत अत्‍याचार किया जाता रहा है. मतलब ये कि थोड़ा घटा-बढा कर फिर कोई टाडा या पोटा आ जाएगा जिसे अख़बार और टेलीविज़न वाले बता देंगे. अन्‍यथा कई अन्‍य स्रोतों से पता चल जाएगा. हम विश्‍लेषण कर लेंगे कि दोनों विधेयकों में आतंकवाद को रोकने की कूवत है या नहीं, कहीं ये विधेयक हमारे बुनियानी आजादी तो नहीं छीन लेंगे, या किसी धर्म, जाति, रंग या किसी अन्‍य मसलों से प्रेरित तो नहीं हैं ये विधेयक, आदि-आदि. पर आडवाणीजी ने जो कहा, उनमें इन विधेयकों पर उनकी राय के अलावा अपने आप को आतंकवाद का चैंपियन बताने के अलावा उन्‍होंने कुछ नहीं कहा्. आज आडवाणीजी को सुनकर लगा कि ये आदमी आठ दशक जी लेने के बाद भी बचकानी हरकते ख़ूब करता है. जैसे बच्‍चे झूठ बोलते हैं, गाल बजाते हैं, बात-बात पर अपनी राय और पोजिशन बदलते हैं, चीखने-चिल्‍लाने लगते है, छाव धरते हैं, इतराते हैं, अगराते हैं, डराते हैं, धमकाते हैं, पैर पटकते हैं, नाक-भौं चमकात हैं, आदि-आदि; लालकृष्‍ण आडवाणी को सुनकर लगा कि इनके स्‍वभाव में ये सारे लक्ष्‍ण प्रचूर मात्रा में मौजूद है.
शाम तक शायद ये दोनों विधेयक पारित हो जाएं. मुझ जैसे एक टैक्‍सपेयर को उस वक्‍़त बड़ी खुशी होगी जब इन विधेयकों के क़ानून बन जाने के बाद इनके तहत सबसे पहले आडवाणीजी पर क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी. शायद इन क़ानूनों के तहत कार्रवाई के लिए इनके मुक़ाबले का योग्‍य पात्र कम ही मिल पाएगा.
सन् 92 में इन्‍होंने देश भर से नौजवानों को बरगला कर उत्तरप्रदेश के फ़ैज़ाबाद जिले के अयोध्‍या नामक क़सबे में इकट्ठा किया. इस क्रम में जगह-जगह अयोध्‍या पहुंचने वालों की हुड़दंगी कार्रवाइयों से लाखों का नुकसान हुआ. इतना ही नहीं लालकृष्‍ण की अगुवाई में 6 दिसंबर को इन लोगों ने भारतीय पुरातत्त्व के नज़रिए से बेहद महत्त्वपूर्ण इमारत को ढाह दिया दिया. आडवाणीजी के नेतृत्‍व में देश भर में सिर पर केसरिया पट्टी बांधे लोग सरेआम अस्‍त्र-शस्‍त्र लेकर नाचते रहे. न जाने कितनी हत्‍याएं हुईं, कितने घर और अस्‍मत लुटे उस दौरान और उसके बाद; इतिहास के पन्‍नों में दर्ज हैं. क्‍या इतना संगठित अपराध और उसका नेतृत्‍व करना आतंकवादी कार्रवाई नहीं है? अपने हिसाब से तो है. है तो आडवाणीजी फिट पात्र हैं इसके तहत बुक करने के लिए.
ये आडवाणीजी न केवल आतंकवादी हैं, बल्कि शायद देशद्रोही भी हैं. संविधान के मुताबिक़ हमारे देश का नाम भारत और इंडिया है. वैसे तो यहां-वहां बोलते ही रहते हैं लेकिन आज लोक सभा में अपने भाषण के दौरान भी कम से कम एक दर्जन से ज्‍़यादा बार आडवाणीजी ने हिन्‍दुस्‍थान उच्‍चारित करके हमारे देश के संविधान का न केवल उल्‍लंघन किया बल्कि कलंकित भी किया. हमारी ये बदकिस्‍मती है कि जिस सख्‍़श को आतंकवादी और देशद्रोही कार्रवाइयों के लिए सलाखों के पीछे होना चाहिए था आज संसद में बैठकर हमारे लिए क़ानून बना रहा है और कल प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहा है.