9.8.08

शूटर फुस्स, अब चप्पू का भरोसा

बजरंगलाल ठाकुर एकल नौकायान के क्वार्टर फ़ाइनल में तुम पहुंचे. तुम्हें बधाई! हमारी शुभकामनाएं तुम्हारे साथ हैं ! हम चाहते हैं कि तुम सेमिफ़ाइनल और फ़ाइनल का सफ़र तय करो. उम्मीद भी है तुमसे. तुमने शूटिंग या टेनिस जैसा हाई प्रोफ़ाइल खेल के माध्यम से नहीं बल्कि नौकायान के ज़रिए ये उम्मीद जगायी है. साढे तीन बजे वाली बुलेटिन में ज़ी न्यूज़ पर समाचार वाच रही महिला ने ‘ओलंपिक में भारत के लिए थोड़ी ख़ुशी थोड़ा ग़म’ कहते हुए नामी-गिरामी खिलाडियों के ओलंपिक से बाहर होने की ख़बर के साथ जब कहा कि तुमने नौकायान में भारत की उम्मीद जगायी है तब पहली बार मैं तुम्हारा नाम सुना. इंतज़ार करता रहा कि तुम्हारी तस्वीर भी दिखायी जाएगी. पर तुम नहीं दिखे. बार-बार तुम्हारे प्रदर्शन का जिक्र किया समाचार वाचिका ने पर एक बार भी तुम्हारी तस्वीर नहीं दिखी. बल्कि चर्चा तुम्हारे कारनामे की हो रही थी और दिखायी जा रही थी तस्वीर उनकी जो प्रतियोगिता से बाहर हो गए हैं. इससे तो मैं यही समझ पाया कि तुम्हारी कोई फ़ाइल तस्वीर भी नहीं है चैनल के पास. बड़ी हैरानी हुई.
पर अगले ही पल ये सब सामान्य लगने लगा. बजरंग यही तो होता आ रह है हमारे देश में. सामान्य, पिछड़े ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वालों के साथ यही तो होता आया है. और फिर तुम्हारा खेल भी नौका की सवारी है. तुम घुड़सवारी तो कर नहीं रहे हो और न ही तुम टेनिस खेल रहे हो या शूटिंग कर रहे हो. मुमकिन है कि तुमने अपने गांव के पास वाली नदी या तालाब में नाव खेने से अपने खेल-जीवन की शुरुआत की हो. तुम्हारे पिता ने तुम्हारे लिए स्पेशल नाव तो नहीं ही बनवायी होगी जैसे आजकल के शहरी पिताओं का एक बड़ा तबक़ा अपने बच्चे के लिए शूटिंग, टेनिस, बैडमिंटन या क्रिकेट का किट ख़रीदता हैं और कोचिंग का पता ढूंढता फिरता हैं. उल्टे मुझे तो ये लगता है कि शुरुआत में जब नौकायान में तुम्हारी दिलचस्पी बढ़ रही होगी तब शायद तुम्हें बड़े-बूढे झिड़क भी देते होंगे.
तुम्हें शायद उतना उम्दा प्रशिक्षण नहीं मिला होगा जितना हमारे शूटरों या टेनिस प्लेयर्स ने लिया होगा. सुनता आ रहा हूं कि ओलंपिक खेलना भी बड़ी प्रतीष्ठा की बात होती है खिलाडियों के लिए. कितनी मशक्कत करनी पड़ी होगी तुम्हें इस 58 सदस्यीय भारतीय ओलंपिक दल में अपना जगह बनाने के लिए, मैं आसानी से अंदाज़ा लगा सकता हूं. दोस्त फिर से एक बार तुम्हें मुबारकबाद! अपने देश में ठेठ-देसी खेलों को उभरने ही कहां दिया जाता है. और तो और फिल्म और मीडिया भी बहुत सराकात्मक छवि नहीं बनाती दिखता है देसी खेल-खिलाडियों की. देसी तो छोड़ो, राष्ट्रीय खेल हॉकी की दुर्दशा नहीं देख रहे! हाल में बड़ी अच्छी फिल्म आयी थी. वही, जिसमें शाहरुख ख़ां कोच बने थे. देखा नहीं था टिर्की सरनेम वाली झारखंड की लड़की को कैसे दिखाया गया था, साथी खिलाडियों के बीच कैसे उसे मज़ाक का पात्र बनाया गया था. ऐसे में तुम्हारा आगे आना, ओलंपिक में मशक्कत करते देखना सचमुच बड़ा सुखद है.
दोस्त तुम शायद फ़ाइनल तक पहुंच जाओ. संभव है पदक भी मिल जाए तुम्हें. कांसे का पदक भी लेकर अगर तुम आ गए तो एक-आध हफ़्ते तक यह देश एक अजीब किस्म की हिस्ट्रिया का रोगी दिखने लगेगा. नेताओं और मंत्रियों की ओर से तुम्हें बधाइयां मिलेंगी, इन सफ़ेदपोशों में तुम्हारे बग़ल में खड़े होकर फ़ोटो खिंचवाने की होड़ भी लगेगी. संभव है प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति तुम्हें दावत पर भी बुलाएंगे. खेल मंत्रालय में बैठा कोई ब्यूरॉक्रेट मंत्री महोदय को अगले अर्जुन पुरस्कार की सूचि के लिए तुम्हारा नाम सुझाकर उनके और क़रीब आने का एक और मौक़ा ढूंढ लेगा. पर जितनी तेज़ी से ये क्रियाएं होंगी उतनी ही तेज़ी से शायद तुम भुला भी दिए जाओगे. जो नहीं होगा और जिसका मुझे अंदेशा है वो ये कि न तो कोई उद्योगपति तुम्हारे नाम लाख-दो-पांच लाख की पुरस्कार/प्रोत्साहन राशि की घोषणा करेगा, न कोई रीबॉक, नाइकि, एडिडास, प्रोलाइन तुम्हें अपना ब्रैंड एम्बैसडर बनाएगा, न किसी कार-निर्माण कंपनी का निदेशक/प्रबंध निदेशक (या कोई अन्य प्रतिनिधि) तुम्हारे हाथ में कार की कुंजी थमाएगा, न तुम्हारे राज्य का मुख्यमंत्री तुम्हें राजधानी/जिला मुख्यालय में घर बनाने के लिए प्लॉट देने की अनुशंसा करेगा, न कोई बैंक या वैसा सरकारी उपक्रम तुम्हें अपने यहां नौकरी पर रखेगा जो अभिजात खेलों से जुड़े खिलाडियों को एक-आध अंतर्राष्ट्रीय ट्रीप के लिए चुन लिए जाने भर पर उनके पीछे-पीछे नौकरी लिए भागता फिरता है, किसी अभिनेत्री के साथ तुम्हारा चक्कर चलने की ‘अफ़वाह’ तो दूर तुम्हारे पास मॉडलिंग या कमर्सियल का ऑफ़र भी नहीं आएंगा.
दोस्त ये अंदेशा आधारहीन नहीं है. गावस्कर, कपिलदेव, तेंदुलकर, विजय अमृतराज, प्रकाश पादुकोण, सानिया मिर्जा, राज्यवर्द्धन, धोनी से लेकर इशांत, पियुष, पेस, आरपी तक में बड़ी आसानी से तुम एक परंपरा देख लोगे. एक परंपरा और है जो ध्याचंद, मिल्खा, परग, पी टी उषा, कुंजरानी और पिल्लै जैसों को मिलाकर बनती है. दोस्त तुम और तुम जैसों सैकड़ों देसी खेलों से जुड़े इन दोनों परंपराओं से बाहर हैं. इतना कि स्मृति में भी नहीं आ रहे हैं.
यानी ऐसा कुछ नहीं होगा जिससे तुम्हारी पारिवारिक, आर्थिक या सामाजिक हैसियत में सुधार हो. फिर तु्म्ही बताओ, जब ये सब नहीं होगा तो तुम्हारे या मेरे गांव का बच्चा कैसे भागेगा नौकायान के पीछे? या तीरंदाज़ी के पीछे? पर यक़ीन मानो दोस्त, बच्चे ज़रूर भागेंगे तु्म्हारे पीछे, करेंगे तुम्हारा अनुसरण. क्योंकि ओलंपिक जैसा विश्वमंच है. और कुछ हो न हो, आज भी हमारे-तुम्हारे जैसी पृष्ठभूमि वालों के लिए विश्व की मानचित्र में अपना अक्स देखना बड़ा प्यारा लगता है. आज तु्म्हारी जिस तस्वीर को देखने के लिए मैं तरस रहा हूं. कल से दुनिया देखेगी. कभी-कभी ये भी बड़ा सुखद अनुभव होता है दोस्त. बजरंग लाल ठाकुर तुम क्वार्टर फ़ाइनल से फ़ाइनल में पहुंचो, तुम पदक जीतो ये ही मेरी शुभकामना है. तु्म्हें पदक नहीं भी मिला तो निराश न होना. आज ख़बर सुनने तक तुमने जो कर दिया था, सच मानो, हम तो उस ख़ुशी में ही झूमते नहीं थक रहे हैं.

अंत में अपना हाल

आज चन्द्रा (पत्नी) के मामाजी की तेरहवी थीं. शामिल होने फिरोजाबाद जाना था. सुबह साढ़े छह बजे स्टेशन के लिए मोटर साइकिल से निकला. आधे रास्ते में जाकर मोटरसाइकिल गिर गयी और मैं चोटिल हो गया. बायीं तरफ़ के लगभग सभी जोड़ों में चोट लगी है. एक राहगीर के सहारे उठा. उन्होंने ही बाइक खड़ी की और मुझे बग़ल के ट्रोमा सेंटर में जाने की सलाह दी. पर इस डर से कि अगर एक्सीडेंट का केस लेकर मैं गया तो पुलिस आएगी बीच में, मैं ट्रोमा सेंटर के बजाय घर चला गया. लहू-लुहान देखकर बीवी परेशान हो गयी. दर्द से मेरी कराह (जिसमें आंसू भी शामिल है) सुनकर बिटिया किलकारी जग गयी. छूटते ही उसने कहा, 'पापा, कल जो बैंडेड मेरे लिए लाए थे, तुम लगा लो चोट ठीक हो जाएगी.' पत्नी से फ़ोन किया शीतल को. कॉल सेंटर की नाइट ड्यूटी कर के घर पहुंचा ही था शीतल. सुनकर आ गया अपनी गाड़ी लेकर. ले गया मुझे ट्रोमा सेंटर. फिर सूई-दवा, ड्रेसिंग-व्रेसिंग हुई. वापस आ गया. जैसे-जैसे शाम हो रही है इंजेक्शन का असर कम हो रहा है. फिर से दर्द बढ रहा है. कुछ और हिस्सों में दर्द महसूस हो रहा है. पर नौकायान और बजरंग लाल ठाकुर जैसे देसी खेल-खिलाड़ी ने ओलंपिक में आस बंधाई है. जब-जब सोचता हूं बजरंग के बारे में, दर्द कम हो जाता है.


7.8.08

मंकीमैन के नाम खुला ख़त

साहित्यिक और सांस्कृतिक आलोचक, कालेकियो द माहिको, मेक्सिको व केम्‍ब्रीज़ युनिवर्सिटी में विजिटिंग प्रोफ़ेसर, कुछ साल पहले तक भारतीय भाषा केन्द्र, जेएनयू के प्रमुख , संस्कृति, वर्चस्व और प्रतिरोध, तीसरा रुख, विचार का अनंत, निज ब्रह्म विचार, जैसी अमूल्य कृतियों के रचयिता तथा फिलहाल संघ लोक सेवा आयोग के सदस्य प्रोफ़ेसर पुरुषोत्तम अग्रवाल के भाषणों ने सांप्रदायिकता व संस्कृति को समझने में मेरी ख़ासी मदद की है. हफ़्तावार के पाठकों के लिए पेश है दीवान-ए-सराय02:शहरनामा में प्रकाशित उनके मंकीमैन के नाम खुला ख़त की पहली खेप. इसके लिए दीवान टीम के साथ-साथ अपने सहकर्मी चन्दन का आभार.

माई डियर मंकीमैन,

जय रामजी की! खरी चिट्ठी है भैया यह जिसमें यारी और थोड़ी सी अय्यारी छुट किसी मक्कारी का पुट करने वाले बच के जाएँगे कहाँ? तुम्हारे बुद्धिविदारक कारनामे और हृदयविदारक स्टीलीय नाख़ून कहाँ किसको छोड़ेंगे? हाँ इतना ख़ता ज़रूर है कि यह चिट्ठी जो कॉन्फ़िडेंशियल होनी थी, पब्लिक हो रही है; लेकिन इस ख़त की ज़िम्मेदारी भी मेरी नहीं संपादक की है; सो अगर कुछ पोटा-वोटा लगाना हो या श्री नरेन्द्र मोदी के हवाले करवाना हो या ख़ुद ही चिपट कर मज़ा चखाना हो तो प्रभु भूल मत जाना कि बंदा ट्रांस यमुना में रहता है जो वैसे भी तुम्हारा फ़ेवरिट ऐरिया ऑफ़ इन्फ़्लुएन्स – राष्ट्रभाषा में प्रभावक्षेत्र – था।
मित्र, जब तुम्हारा प्रादुर्भाव तरणि तनूजातट स्थित इंद्रप्रस्थ प्रांत में हुआ जिसे

इसके अलावा भी एक वजह है, वह यह कि उस दिन एक टीवी प्रोग्राम के चक्कर में श्री बी.पी. सिंघल के दर्शन भए जो नासा के खींचे फ़ोटू के आधार पर रामजी के सेतुबंध का अस्तित्व प्रमाणित कर गए। अपना चित्त प्रसन्न भया। सारा संदेह दूर गया। सिंघल जी निश्चिंत, उनका प्रसिद्ध ‘‘परिवार’’ निश्चिंत कि अब तो रामजी पर अंकल सामजी की मोहर लग गई। अमेरिकी स्वीकृति से बेचारों की राम-कथा समुद्र तर गई। अमेरिका को न सुहाते तो पता नहीं इन आजकल के रामभक्तों को राम भाते या न भाते! इतना ग्द्गद् कर देने वाला अनुभव था बी.पी. सिंघल साहब की सिंह गर्जना सुनना और ऊपर से उन्ही के श्रीमुख से तुम्हारे आस्तित्व के अकाट्य प्रमाण गुनना कि पत्र लिखे बिना मन नहीं माने।

यवणोपरांत म्लेछ प्रभावाक्रांत कुजन दिल्ली कहते हैं, मैं दैववशात् सुतल में था। वही सुतल जिसे आर्य विरोधी अनार्यों ने, धर्मद्रोही दुष्टों ने ऑस्ट्रेलिया नाम दे रखा है। तुम्हारे पराक्रमों के समाचार वहाँ मिलते थे तो मन मयूर आनंदमत्त हो नृत्यरत हो उठता था। तुम्हारे विक्रांत विक्रम ने, हे नर-वानर, कैसे-कैसे नरपुंगवों की पुंगी बजा के रख दी! धन्य हो तुम! दुग्धपानकर्ता सर्वविघ्नहर्ता गणेश जी के श्रेष्ठ उत्तराधिकारी हेल्मेटधारी के हाइटेक मर्कटमुख, तुमको शत-शत प्रणाम! जम्बू द्वीपे-भारतखंडे इंद्रपस्थ प्रांतेषु प्रकटने वाले हम सबके भविष्य, भूत और वर्तमान – स्वीकार करो इस परम प्रशंसक का स्तुति गान।
बंधुवर, यों तो आजकल के ज्ञानी ध्यानी हर उस प्राणी को संस्कृत का ज्ञाता मान लेते हैं जिसका नाम ही तनिक सा भी प्राचीनता-पावनता-स्पर्शित हो। अपना तो मामला ऐसा मूर्धन्य है कि जन्म से लेकर आज तक तो अपन इसका सही उच्चारण नहीं कर पाए। लिख भले ही लें, लेकिन बोलने में तो अपनी काया जैसे पृथुल प्रयत्नोपरांत भी ससुरा ‘पुरुसोत्तम’ ही ठहरता है।

इस मध्यान्तरीय भूमिका की आवश्यकता यों पड़ी मान्यवर कि अब आगे यह संगणकोपयुक्त देवभाषा अपने से संभाले नहीं संभलेगी, सो भलाई इसी में है कि अब अपन अपनी औक़ात – अर्थात् आर्यभाषा - अर्थात् हिन्दी माता की अंगुली पकड़ कर आगे बढ़ें। यो भी भाषा में क्या रखा है? आजकल तरह-तरह के ‘अंत’ हुए चले जा रहे हैं तो भाषा भी ससुरी कहाँ तक बचेगी? और भैया, हमें तो तुम्हारे वंडरफुल – बल्कि बंदरफुल कारनामों से ही मतलब है - सो हिन्दी में ही वापस जाएँ!
इतना तो सब जानते है; कोई-कोई मानते भी हैं कि ये ज़माना ही भाँत-भाँत की वापसियों का है। हालाँकि इन वापसियों का राज़ क्या है - यह न मानने वाले जानते हैं, न जानने वाले। धर्म की वापसी हो रही है, जात की वापसी हो रही है, पहचान की वापसी हो रही है ... और तो और एन.आर.आईज़ की वापसी हो रही है। दनादन दे दनादन। हालाँकि इनडायेरेक्टली। एन.आर.आईज़ की आईज़ जब मदरलैंड की हीट ऐण्ड डस्ट की याद से और पावर लस्ट की फ़रियाद से गीली होती हैं तो बेचारे भरे गले से गा उठते हैं - ‘आई लव माय इंडिया’ ... ‘ऐक्शन का इंडिया ...’ अंत-पंत

आपकी तो एकदम बेसिक – बल्कि रैडिकल वापसी थी बॉस! एकदम टू द रूट्स – अकबर इलाहाबादी की शिकायत, ज्ञानी ज़ैलसिंह की मलामत और डार्विन क्रिएशनिस्टों की हजामत के बावजूद – डार्विन को सही मानें तो एकदम टंच वापसी थी बॉस, एकदम टंच! ऊपर से मज़ा यह कि थिंक ग्लोबल-ऐक्ट लोकल कॉर्पोरेट प्लस एन.जी.ओ. प्रमाणित इडियम के सर्वथा अनुकूल भी। बाक़ी वापसियाँ डिफ़रेंट और स्पेसिफ़िक की वापसियाँ हैं, आइडेंटिटी की वापसियाँ हैं - आप तो पूज्यवर हम सबकी यूनिवर्सैलिटी और उसकी रूट्स – जड़ों की वापसी थे।

आई तो वहीं ग्रीनकार्ड के ग्रीन पास्चर में हरी-हरी चरता रहता है और ‘लव’ इंडिया माई की छाती पर मूँग दलने चला आता है ; मूँग दलने का ऐक्शन कभी मंदिर फ़ंड का रूप ले लेता है तो कभी इकनॉमिक मिरेकल के स्टंट का! कुछ लोगों के पास वापस पहुँचने का कोई ठौर नहीं बचा तो जड़ों की ओर ही वापस लपक लिए हैं। अब इस लपक-झपक में जड़प्रेमी जड़मति हो जाए तो बुरा मानने की क्या बात? और कोई बुरा मान ही जाए तो परवाह करे अपना कुतका लात।
सो, वापसियों के थोक के थोक वापस चले आ रहे हैं। ऐसे में आपकी तो एकदम बेसिक – बल्कि रैडिकल वापसी थी बॉस! एकदम टू द रूट्स – अकबर इलाहाबादी की शिकायत, ज्ञानी ज़ैलसिंह की मलामत और डार्विन क्रिएशनिस्टों की हजामत के बावजूद – डार्विन को सही मानें तो एकदम टंच वापसी थी बॉस, एकदम टंच! ऊपर से मज़ा यह कि थिंक ग्लोबल-ऐक्ट लोकल कॉर्पोरेट प्लस एन.जी.ओ. प्रमाणित इडियम के सर्वथा अनुकूल भी। बाक़ी वापसियाँ डिफ़रेंट और स्पेसिफ़िक की वापसियाँ हैं, आइडेंटिटी की वापसियाँ हैं - आप तो पूज्यवर हम सबकी यूनिवर्सैलिटी और उसकी रूट्स – जड़ों की वापसी थे। लेकिन साथ ही क्या कहने इस वापसी के अनमिस्टेकेबल लोकल टच के, हेल्मेट विभूषित आपका मुखमंडल बंधु भव्य बल्कि इरॉटिक तो लगता ही था - ख़ास दिल्ली की ख़ास पहचान भी तो बताता था। आपने याद दिलाया हम दिल्ली वालों को हमारा भविष्य कि बिना हेल्मेट पहने अब अपने घर में क्या बिस्तर में घुसना भी सेफ़ नहीं रहने वाला। हालाँकि हेल्मेट भी किसी का क्या उखाड़ लेगा, लाला? यह भी तो आपने ही अपने कपोलविदारक हृदयद्रावक तीक्षण नख समूह से सिद्घ कर डाला। इसलिए अपन कहते भए कि आप ग्लोबल की भी वापसी थे, लोकल की भी। साइलेंट की वापसी थे, वोकल की भी।